: राजगढ़ पुलिस थाने पर पदस्थ आरक्षक ने की आत्महत्या,पुलिस जुटी जांच में
Admin
Sat, Mar 29, 2025
राजगढ़। राजगढ़ नगर की लक्ष्मी विहार कॉलोनी में राजगढ़ थाने पर पदस्थ एक आरक्षक ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरक्षक अपनी पत्नी के साथ इस मकान में किराए से रहता था तथा जनवरी 2023 से राजगढ़ थाने पर पदस्थ था। मामले में राजगढ़ थाना पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार राजगढ़ में पुलिस थाने पर पदस्थ आरक्षक अजय बामनिया उम्र 29 वर्ष ने अपने किराए के मकान में बेडरूम में पंखे पर रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार आरक्षक अजय रात्रि करीब 12 बजे ड्यूटी कर राजगढ़ के लक्ष्मी विहार कॉलोनी में स्थित अपने किराए के मकान में गए थे तथा अपने बैडरूम में जाकर सो गए थे। आरक्षक की पत्नी ने जब सुबह दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नही आई। जिसके बाद बेडरूम की खिड़की खोलकर देखा तो आरक्षक का शव पंखे के सहारे रस्सी से लटका हुआ दिखा। जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार तथा राजगढ़ थाना प्रभारी दीपक सिह चौहान भी मौके पर पहुंचे।
आरक्षक मूलतः झाबुआ जिले के पारा के ग्राम दौलतपुरा का रहने वाला था। राजगढ़ में पत्नी मनीषा व करीब 2 साल के बेटे जयवर्धन के साथ किराए के मकान में रहता था। आरक्षक की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
- पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजन राजगढ़ पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल हॉस्पिटल सरदारपुर भिजवाया। आरक्षक के पास से कोई सुसाइड नोट नही मिला है। फिलहाल राजगढ़ थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं। सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार के अनुसार आरक्षक का शव पीएम के लिए भेजा है, मामले में जाँच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन